पटना , दिसम्बर 11 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को कहा कि पिछले वर्ष दिसंबर महीने में अपनी प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिन 430 विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी थी, उनमे से 21 पूरी हो चुकी हैं और शेष पर तेजी से काम चल रहा है।

श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार विकास और सुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लगातार नए आयाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष दिसंबर माह में 'प्रगति यात्रा' के दौरान श्री कुमार राज्य के प्रत्येक जिले में पहुंचे और इसी क्रम में उन्होंने 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से 430 विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी थी। उन्होंने कहा कि इन स्वीकृत परियोजनाओं में से 21 योजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष परियोजनाओं पर युद्धस्तर पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार प्रत्येक योजना की प्रगति की स्वयं नियमित समीक्षा करते हैं और पूरी प्रक्रिया पर बारीकी से निगरानी बनाए रखते हैं, जिससे कार्य की गति और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित हो रही हैं।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रगति यात्रा के तहत सभी विकास योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने के लिए नीतीश सरकार संकल्पित होकर कार्य कर रही है। आने वाले दिनों में यही परियोजनाएँ विकसित बिहार की सुदृढ़ नींव साबित होंगी। उन्होंने कहा कि श्री कुमार वादों को हकीकत में बदलने और संकल्प को साकार करने के लिए जाने जाते हैं। यही उनके शासन की खास बात रही है। इसी प्रतिबद्धता, ईमानदार प्रयास और साफ नीयत के कारण उन्होंने वर्षों से जनता का गहरा विश्वास अर्जित किया है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि प्रगति यात्रा के तहत स्वीकृत 430 विकास परियोजनाओं के पूर्ण होने से बिहार की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। प्रदेश के चैतरफा विकास को नई उड़ान मिलेगी और बुनियादी ढाँचे से लेकर मानव संसाधन तक हर क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन दिखेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में आने वाले वर्षों में बिहार देश के दस सबसे ज्यादा विकसित राज्यों में शामिल होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित