पटना , दिसंबर 17 -- प्रकाशपर्व के अवसर पर 25 दिसंबर से 28 दिसंबर तक गुरुद्वारा एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए निर्बाध, सुरक्षित एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिये विद्युत कंपनी के द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
विद्युत आपूर्ति के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के उद्देश्य से गुरुद्वारा एवं आसपास के भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थित विद्युत लाइनों एवं शक्ति उपकेंद्रों का विशेष रूप से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इस क्रम में 33 केवी/11 केवी लाइनों एवं ट्रांसफॉर्मर का समुचित रख-रखाव किया जा रहा है, तथा रोड क्रॉसिंग एवं भीड़ वाले स्थानों पर गार्ड वायर लगाए जा रहे हैं।
गुरुद्वारा के आसपास के क्षेत्रों में जर्जर एवं ढीले विद्युत तारों को बदलने एवं दुरुस्त करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में एलटी लाइनों में सुरक्षा की दृष्टि से सेपरेटर लगाए जा रहे हैं, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में जनहानि की संभावना न रहे। एलटी एबी केबल में निर्धारित क्षमता के अनुरूप विद्युत भार सुनिश्चित करते हुए उनके इन्सुलेशन की नियमित जांच एवं अनुरक्षण किया जा रहा है।
सर्वे के दौरान क्षतिग्रस्त पाए गए सभी इन्सुलेटर को बदला जा रहा है। साथ ही, जिन वितरण ट्रांसफार्मरों से गुरुद्वारा एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम स्थलों को विद्युत आपूर्ति की जाती है, उनकी क्षमता का आकलन कर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है। जहां पंडाल लगाए गए हैं, वहाां पंडाल संचालकों से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार अस्थायी विद्युत कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पंडाल एवं विद्युत लाइनों के बीच की दूरी भारतीय विद्युत नियम के अनुरूप हो।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आयोजकों को अवगत कराते हुए आवश्यकता पड़ने पर अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन से भी समन्वय किया जाएगा।इसके अतिरिक्त, संबंधित 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद का अनुरक्षण एवं मरम्मती कार्य तथा विद्युत शक्ति उपकेन्द्र के 33 केवी एवं 11 केवी ब्रेकरों को कार्यरत रखेंगे। प्रकाशपर्व के दौरान भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की सतत निगरानी के लिये विद्युत कर्मियों एवं कनीय विद्युत अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। किसी भी ब्रेकडाउन की स्थिति में त्वरित समाधान के लिये आवश्यक आवश्यक सामग्रियों का व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यदि ब्रेकर या अन्य सेफ्टी डिवाइस में किसी प्रकार की गड़बडी हो तो प्रकाशपर्व प्रारम्भ होने से पूर्व निश्चित रूप से ठीक कराने का निर्देश देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित