नयी दिल्ली , मार्च 16 -- केंद्रीय कृषि मंत्रालय के ताजा अनुमानों के अनुसार देश में प्याज और आलू की पैदावार में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे घरेलू उपलब्धता मजबूत होने की उम्मीद है।

यहां जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्याज के रकबे में बड़ी वृद्धि देखी गई है। यह वर्ष 2023-24 के 15.41 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2024-25 में 19.68 लाख हेक्टेयर हो गया है। यह 4.27 लाख हेक्टेयर यानी 27.74 प्रतिशत की भारी वृद्धि को दर्शाता है।

पैदावार के मोर्चे पर देखें तो प्याज की पैदावार वर्ष 2024-25 में 307.67 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 242.67 लाख टन के मुकाबले 65 लाख टन यानी 26.79 प्रतिशत अधिक है।

आलू की पैदावार में भी सकारात्मक रुख बना हुआ है। वर्ष 2024-25 में आलू की पैदावार 585.71 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले साल के 570.53 लाख टन से 15.18 लाख टन (2.66 प्रतिशत) अधिक है। आगामी वर्ष 2025-26 में आलू की पैदावार लगभग 584.47 लाख टन रहने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित