पौड़ी गढ़वाल,15अप्रेल (वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को कोटद्वार के किशनपुरी स्थित केंद्रीय विद्यालय में प्रबंधन समिति की पहली बैठक हुई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, संसाधनों की उपलब्धता, व्यवस्थाओं की स्थिति एवं भावी आवश्यकताओं की गहन समीक्षा करते हुए बताया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि विद्यालय को एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जा सके।
वहीं बैठक से पूर्व जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। कक्षाओं में पहुंचकर उन्होंने छोटे बच्चों से उनके सपनों और करियर लक्ष्यों पर भी चर्चा की, जिस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों की जिज्ञासा और उमंग से प्रभावित होकर जिलाधिकारी ने उन्हें खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय रहने के साथ बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में प्रथम कक्षा से छठी कक्षा तक नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या, कक्षाकक्षों तथा शिक्षकों की उपलब्धता, कार्यालय, शौचालय, बैठक कक्ष सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र भरा जाए, जिससे शिक्षण कार्य में निरंतरता एवं गुणवत्ता बनी रहे।
प्रबंधन समिति की बैठक के दौरान नामांकन बढ़ाने, शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा संसाधनों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर एवं प्रिंटर की स्वीकृति प्रदान करते हुए क्रय समिति में तकनीकी एवं वित्तीय सदस्यों के नामांकन को अनुमोदित किया।
बैठक में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सीसीटीवी कैमरे, डेस्क तथा इन्वर्टर की आवश्यकता रखी गई। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि आवश्यक बजट जिला प्रशासन स्तर से उपलब्ध कराया जाएगा तथा प्राथमिकता के आधार पर सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अन्य आवश्यक संसाधनों हेतु प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी को कार्यकारी समिति के गठन और उसके कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में खेल सुविधाओं के विस्तार, सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन तथा अभिभावकों के सुझावों को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में प्ले एरिया एवं चिल्ड्रन पार्क विकसित करने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर कार्यवाही की जाएगी।
बैठक के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज कण्वघाटी के प्रधानाचार्य द्वारा मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत टीन शेड निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने लोनिवि दुगड्डा को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित