पौड़ी , अप्रैल 28 -- उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। इनमें हाईस्कूल के 14 और इंटरमीडिएट के सात छात्र-छात्राएं शामिल रहे, जिन्होंने श्रेष्ठता सूची में स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह न केवल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वह निरंतर प्रयास करते रहें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें। साथ ही अभिभावकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और धैर्य ही सफलता की कुंजी है। कई विद्यार्थियों ने इंजीनियरिंग क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा जताई, जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें आवश्यक सहयोग और ऑनलाइन कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में नियमित मूल्यांकन और अभ्यास की व्यवस्था से छात्रों के परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास को इस सफलता का श्रेय दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित