पौड़ी गढ़वाल , मार्च 21 -- उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान से जूझ रहे किसानों के लिए कृषि विभाग की घेरबाड़ योजना बड़ी राहत लेकर आई है। जिला योजना के तहत जनपद के विभिन्न विकासखंडों में कराए गए फेंसिंग कार्य से अब सैकड़ों किसानों की कृषि भूमि सुरक्षित हो गई है, जिससे खेती के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ा है।प्रभारी कृषि अधिकारी मनविंदर कौर ने शनिवार को बताया कि एकेश्वर, जयहरीखाल, पोखड़ा, थलीसैंण, खिर्सू, पाबौ, रिखणीखाल, नैनीडांडा, बीरोंखाल, पौड़ी, कोट, कल्जीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल और यमकेश्वर विकासखंडों में कंटीले तारों से घेराबाड़ी का कार्य कराया गया है।

उन्हाेंने बताया कि वित वर्ष 2025-26 में कृषि विभाग द्वारा 102 परियोजनाओं के माध्यम से घेरबाड़ का कार्य कराया गया। इसके लिए कुल 339 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई, जिसके तहत चयनित गांवों में खेतों के चारों ओर मजबूत फेंसिंग लगाई गई। इस योजना से कुल 339 हेक्टेयर कृषि भूमि को संरक्षण मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित