पौड़ी,19मार्च(वार्ता) उत्तराखंड में पौडी जनपद में घरेलू गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक भीड़ न लगाएं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार और राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप जनपद में गैस आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता गैस बुकिंग के लिए ऑनलाइन माध्यम-कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, टोल फ्री नंबर या एसएमएस का उपयोग करें। बुकिंग के बाद निर्धारित समय में डोर-टू-डोर डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने खाद्य निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में गैस आपूर्ति पर लगातार नजर रखें और कालाबाजारी या अनियमितता की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही सही जानकारी के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित