पौड़ी गढ़वाल,15अप्रेल(वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ तथा प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बुधवार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जयहरीखाल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायज़ा लिया।
इस दौरान श्रीमती भदौरिया ने बताया स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, मानव संसाधन, चिकित्सा सेवाओं की स्थिति एवं रिकॉर्ड प्रबंधन की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य कर्मचारियों की अनुपस्थिति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने, समस्त व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच करने तथा दोषी कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने औषधि कक्ष, पैथोलॉजी लैब, ओपीडी कक्ष सहित अन्य विभागों का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए।
लेबर कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने महिला चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रसवों की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित की जाए तथा आरसीएच पोर्टल में पंजीकृत सभी गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक लाने के लिए सक्रिय प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक जनजागतूकता अभियान चलाया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की अधिक से अधिक महिलाएं सुरक्षित प्रसव के लिए स्वास्थ्य केंद्रों का रुख करें।
उपस्थिति पंजिका तथा अवकाश पंजिका का गहन निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना पूर्व स्वीकृत अवकाश एवं बिना पंजिका में प्रविष्टि किए कोई भी कार्मिक कार्यस्थल से अनुपस्थित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है, और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित