नयी दिल्ली , अप्रैल 08 -- महिला एवं बाल विकास मंत्रालय देशभर में नौ से 23 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा-2026 का आयोजन कर रहा है। इस अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ नौ अप्रैल को विज्ञान भवन में होगा।

अभियान के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर तथा मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक उपस्थित रहेंगे।

पोषण पखवाड़े की इस वर्ष की थीम ''जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क के विकास को अधिकतम करना'' रखी गई है। मंत्रालय के अनुसार, बच्चे के जीवन के शुरुआती छह वर्ष, विशेषकर पहले 1,000 दिन, मस्तिष्क और शारीरिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। वैज्ञानिक आंकड़ों के अनुसार, छह वर्ष की आयु तक मस्तिष्क का 85 प्रतिशत से अधिक विकास हो जाता है।

पोषण पखवाड़े के दौरान मातृ एवं शिशु पोषण, स्तनपान को बढ़ावा, बच्चों के प्रारंभिक विकास के लिए प्रोत्साहन, खेल-आधारित शिक्षा, स्क्रीन टाइम में कमी और आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। देशभर के आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से जागरूकता अभियान, पोषण पंचायत, शिक्षण गतिविधियां और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि एक स्वस्थ बच्चा ही मजबूत राष्ट्र की नींव होता है और पोषण अभियान एक जन आंदोलन के रूप में कुपोषण को समाप्त करने की दिशा में काम कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित