मुरैना , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा कस्बे स्थित थोक सब्जी मंडी में बीती रात अचानक लगी भीषण आग में दो दुकानों में रखा लाखों रुपये का आलू, प्याज, लहसुन और मूंगफली जलकर खाक हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आग लगने की घटना देर रात करीब बारह बजे की है। अचानक आग भड़कने से मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

आग की चपेट में आई दुकानों में रखा हजारों किलो आलू, प्याज, लहसुन और मूंगफली का स्टॉक पूरी तरह जल गया। सूचना मिलते ही दमकल दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

पुलिस के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की अन्य दर्जनों दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। राजस्व विभाग के अधिकारी आग से हुई क्षति का आंकलन कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित