बीजापुर, दिसंबर 16 -- त्तीसगढ में आवापल्ली ब्लॉक अंतर्गत पोटाकेबीन (चिन्ता कोंटा) में अध्ययनरत एक छात्रा की इलाज के दौरान हुई मौत को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गंभीर रुख अपनाया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। कांग्रेस ने इस घटना को शिक्षा एवं छात्र कल्याण से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

बीजापुर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया कि जारी आदेश के अनुसार जांच समिति के संयोजक पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम को बनाया गया है। समिति में जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू पोटाम, जनपद पंचायत सदस्य मनोज अवलम, अनिता तेलम, सरस्वती वासम, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री रत्ना सोढ़ी तथा वरिष्ठ कांग्रेसी राजेश वासम को सदस्य नियुक्त किया गया है। समिति में स्थानीय प्रतिनिधियों एवं अनुभवी नेताओं को शामिल कर जमीनी स्तर पर तथ्यों की सटीक पड़ताल सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने समिति को निर्देशित किया है कि वह अविलंब आवापल्ली का दौरा कर पीड़ित परिवार से मुलाकात करे और उनकी बातों को गंभीरता से सुने। इसके साथ ही पोटाकेबीन छात्रावास प्रबंधन, विद्यालय प्रशासन, स्वास्थ्य अमले तथा स्थानीय ग्रामीणों से भी चर्चा कर घटना की वास्तविक परिस्थितियों की जानकारी एकत्रित की जाएगी। छात्रा के इलाज की प्रक्रिया, समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने या न होने, तथा किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या संस्थागत लापरवाही की जांच विशेष रूप से की जाएगी।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति और कार्रवाई तय की जाएगी। पार्टी ने यह भी कहा है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा। छात्रा की मौत से आहत परिवार को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कांग्रेस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कदम उठाएगी,छात्रा की मौत 14 दिसम्बर को हुई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित