बैतूल , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश में पॉलिथीन प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए मुलताई के ताप्ती तट पर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नागरिकों को पॉलिथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करने का संकल्प दिलाया गया और उल्लंघन पर जुर्माने की चेतावनी दी गई।
अभियान मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों ने लोगों को बताया कि वर्ष 2017 से प्रदेश में पॉलिथीन के उत्पादन, भंडारण, परिवहन और उपयोग पर प्रतिबंध लागू है।
अधिकारियों ने कहा कि पॉलिथीन पर्यावरण और जल स्रोतों के लिए हानिकारक है तथा पशु-पक्षियों के लिए भी घातक साबित होती है। इसके स्थान पर कपड़े, जूट और कागज के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई।
इस दौरान नागरिकों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति भी जागरूक किया गया। लोगों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्रित करने और ई-वेस्ट व जैव चिकित्सा अपशिष्ट का अधिकृत संस्थाओं के माध्यम से निपटान करने को कहा गया।
कार्यक्रम में धार्मिक आयोजनों के बाद पूजन सामग्री और मूर्तियों का विसर्जन नदियों में नहीं करने, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, वर्षा जल संचयन और स्वच्छ ईंधन के उपयोग पर भी जानकारी दी गई। साथ ही वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। नगर पालिका ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों की भागीदारी से शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित