अमेठी , दिसंबर 17 -- इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिये 14 करोड़ 20 लाख रुपये की कीमत में चुने गये प्रशांत वीर का परिवार बेटे की सफलता से गदगद है। युवा खिलाड़ी के पिता रमनेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि आईपीएल में चयन होना बेटे और परिवार के लिये गर्व का विषय है।
आईपीएल के इतिहास में अमेठी के प्रशांत वीर ने कीर्तिमान स्थापित किया है। चेन्नई सुपर किंग ने प्रशांत वीर के लिए 14.20 करोड़ रुपए की बोली लगाई है। इसकी खबर सुनते ही प्रशांत के घर में खुशी का माहौल हो गया। इलाके के लोग बधाई देने उनके घर पहुंचने लगे। पिता रमनेंद्र त्रिपाठी ने कहा " मेरे बेटे का चयन आईपीएल में हुआ यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। पैसा तो किसी भी हुनर मंद को मिल जाता है यह सम्मान ही मेरे लिए गर्व का विषय है। प्रशांत चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे। बेटे को उम्मीद से ज्यादा कामयाबी मिली। टीम इंडिया में शामिल होना बेटे का अगला लक्ष्य है।"पिता ने बताया कि कक्षा पांच के बाद से ही उसका रुझान क्रिकेट के प्रति हो गया। वह अपने उम्र के ज्यादा बड़े लोगों के साथ भी क्रिकेट खेलने जाता था। कक्षा आठ के बाद बेटा क्रिकेट की कोचिंग के लिए मैनपुरी चला गया था। सभी अभिभावकों को बच्चों की रुचि के अनुसार उन्हें आगे बढ़ाना चाहिए। बच्चों को समझना चाहिए उनकी रुचि के साथ उनका साथ देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित