जगदलपुर , अप्रैल 09 -- त्तीसगढ में बस्तर जिले के दरभा विकासखंड के सुदूर ग्राम पैरी पखना में कलेक्टर आकाश छिकारा ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित इस गांव तक पहुंचने के लिए कलेक्टर को अंतिम चरण में पैदल और मोटरसाइकिल से सफर करना पड़ा।

जिला पीआरओ ने गुरुवार को बताया- ग्राम पंचायत करका के इस दूरस्थ गांव में आयोजित चौपाल के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर मोबाइल नेटवर्क, राशन वितरण, आधार कार्ड निर्माण, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, राशन दुकान, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी।

कलेक्टर ने बताया कि पूर्व में माओवादी गतिविधियों के कारण यह क्षेत्र विकास से वंचित रहा, लेकिन वर्तमान में हालात में सुधार हुआ है और विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने गांव को सड़क से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी।

चौपाल में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आधार कार्ड निर्माण के लिए प्रत्येक माह नियमित शिविर लगाए जाएं। साथ ही हर महीने के तीसरे सोमवार को स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को उपचार और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ग्रामीणों को वन अधिकार पट्टा, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन और मातृ वंदन योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित