अमृतसर , अप्रैल 18 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने शनिवार को अमृतसर स्थित पवित्र श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेका। उन्होंने देश एवं प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए अरदास की।

इससे पहले शुक्रवार को अपने पैतृक गांव जलाल उस्मान, अमृतसर (पंजाब) पहुंचे श्री सिंह का ग्रामवासियों द्वारा अत्यंत आत्मीय स्वागत किया गया। अपने गांव आकर वह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह स्थान उनके जीवन की प्रेरणा का आधार है। कल उन्होंने गुरुद्वारा बाबा श्री चंद जी में माथा टेककर अरदास की और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

राज्यपाल ने आज कहा कि श्री हरमंदिर साहिब केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि मानवता, समानता और निस्वार्थ सेवा का दिव्य संगम है। यहाँ गूंजती गुरुवाणी, सरोवर की अलौकिक शांति और हर ओर दिखाई देने वाली सेवा भावना आत्मा को गहराई से स्पर्श करती है।उन्होंने कहा कि यह पवित्र स्थल हमें सिखाता है कि सच्ची श्रद्धा केवल प्रार्थना में नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और प्रेम में निहित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित