एडिलेड , दिसंबर 20 -- ट्रैविस हेड (170) और एलेक्स कैरी (72) की शानदार बल्लेबाजी के बाद पैट कमिंस और नेथन लायन (तीन-तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन शनिवार को दूसरी पारी में 349 का स्कोर करने के बाद 435 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड के दूसरी पारी में 207 के स्कोर पर छह विकेट झटक कर उसे हार की ओर धकेल दिया है।

आज यहां ऑस्ट्रेलिया ने 271 रन पर चार विकेट से आगे खेलना शुरु किया। ऑस्ट्रेलिया का पांचवां विकेट ट्रैविस हेड के रूप में गिरा। उन्हें जॉश टंग ने आउट किया। ट्रैविस हेड ने 219 गेंदों में 16 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 170 रनों की पारी खेली। 79वें ओवर में बेन स्टोक्स ने शतक की ओर बढ़ रहे एलेक्स कैरी को अपना शिकार बना लिया। एलेक्स कैरी ने 128 गेंदों में छह चौके लगाते हुए 72 रन बनाये। इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद इग्लिस गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर हावी हो गये और जल्द ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी को 84.4 ओवर में 349 के स्कोर पर समेट दिया। जॉश इंग्लिस (10), पैट कमिंस (छह), नेथन लायन (शून्य) और स्टॉक बोलैंड (एक) रन बनाकर आउट हुये। इंग्लैंड की ओर से जॉश टंग ने चार और ब्राइडन कार्स ने तीन विकेट लिये। जोफ्रा आर्चर, विल जैक्स और बेन स्टोक्स ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इसके बाद दूसरी पारी में 435 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में बेन डकेट (चार) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये ऑली पोप भी 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गये। जो रूट ने जैक क्रॉली के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी हुई। 29वें ओवर में पैट कमिंस ने जो रूट (39) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। हैरी ब्रूक (30), कप्तान बेन स्टोक्स (पांच) को नेथन लायन ने आउट किया। इंग्लैंड का छठा विकेट 54वें ओवर में जैक क्रॉली के रूप में गिरा। उन्हें भी नेथन लायन ने आउट किया। जैक क्रॉली ने 151 गेंदों में आठ चौके लगाते हुए 85 रनों की पारी खेली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित