टिहरी , मार्च 21 -- उत्तराखंड में टेहरी गढ़वाल के घनसाली तहसील के तोंनखंड और मुयाल गांव के बीच विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने से बड़ा नुकसान हो गया। हादसे में करीब 500 मीटर लंबी 11 केवी लाइन के तीनों फेस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के बाद ग्राम सभा तोड़ खंड, सेमल्थ, दाब और सौड़ गांवों में शुक्रवार से ही विद्युत आपूर्ति बाधित है। बिजली न होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उधर, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है और क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि जल्द ही आपूर्ति सामान्य हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित