जालंधर , दिसंबर 15 -- पंजाब के जालंधर ग्रामीण पुलिस ने बंदूक की नोक पर पेट्रोल पंप लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
करतारपुर उपमंडल के पुलिस उप अधीक्षक श्री नरिंदर, पीपीएस ने सोमवार को बताया कि गत आठ दिसंबर को धालीवाल कड़िया गांव स्थित राज एंड विज पेट्रोल पंप पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने बंदूक की नोक पर नकदी छीन ली। इस संबंध में दूसरे दिन धारा 311, 61(2) बीएनएस और 25 शस्त्र अधिनियम के तहत मामला संख्या 159 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मामले की जांच के दौरान, खुफिया जानकारी के आधार पर, एएसआई बलजिंदर सिंह ने 13 दिसंबर 2025 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान शम्मी हंस उर्फ तोरी, पुत्र रणजीत हंस, निवासी ग्राम गखला; बाबरिक उर्फ बेबी, पुत्र जोगिंदरपाल, निवासी ग्राम गखला; और पंकज कुमार उर्फ पंकू, पुत्र जीत लाल, निवासी ग्राम सफीपुर के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के दौरान, उनके पास से 10,500 रुपये और एक खिलौना पिस्तौल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी किसी अन्य आपराधिक घटना में शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित