फगवाड़ा , जनवरी 21 -- पंजाब में फगवाड़ा पुलिस ने एक पेट्रोल पंप से नकदी की हेराफेरी करने और यूरिया की बाल्टियां चुराने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि एक अलग घटना में, सतनामपुरा पुलिस ने एक घर में हुई चोरी के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि शालीमार गार्डन अर्बन एस्टेट निवासी तजिंदरजीत सिंह उर्फ सोनू की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। अपनी शिकायत में तजिंदरजीत सिंह ने बताया कि जीटी रोड पर जमालपुर स्थित उनका एक पेट्रोल पंप है और उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके कुछ कर्मचारियों ने मिलीभगत से पेट्रोल पंप के पैसे का गबन किया और यूरिया की बाल्टियां चुरा लीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रुरका कलां निवासी सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सुख, जंडियाला धालीवाल के पट्टी धुन्निकी निवासी मनदीप कौर, विर्का निवासी बिंदर और महाला निवासी दलजीत संधू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि गबन की सीमा का पता लगाने और चोरी की गयी संपत्ति को बरामद करने के लिए आगे की जांच जारी है।
एक अन्य घटना में, सतनामपुरा पुलिस ने एक आवासीय घर में हुई चोरी में कथित संलिप्तता के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला मानसा देवी नगर निवासी डॉ. आशीष जोशी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। डॉक्टर जोशी ने पुलिस को बताया कि 18 जनवरी को उन्होंने अपने घर के बाहरी गेट और अंदरूनी दरवाजों के ताले टूटे हुए पाये और कई कीमती सामान गायब थे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी डॉक्टर जोशी की मेडिकल दुकान पर अक्सर आते-जाते थे और उन्होंने चोरी करने से पहले घर की रेकी की थी।
जांच के बाद पुलिस ने गभा कॉलोनी, हाडियाबाद निवासी मुकेश कुमार और मानसा देवी नगर निवासी विशाल कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि चोरी की गयी वस्तुओं को बरामद करने और यह पता लगाने के लिए कि क्या आरोपी इसी तरह के अन्य अपराधों में भी शामिल थे, उनसे आगे की पूछताछ जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित