वाशिंगटन , अप्रैल 27 -- रिपब्लिकन पार्टी के कई सांसदों ने अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के नेतृत्व को लेकर चिंता जतायी है और कुछ सांसदों ने यहां तक संकेत दिया है कि उन्हें पद छोड़ने पर विचार करना चाहिए, हालांकि अंतिम निर्णय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निर्भर बताया गया है।
रिपोर्टों के अनुसार, हाल के दिनों में सेना प्रमुख रैंडी जॉर्ज और नौसेना प्रमुख जॉन फेलन जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के प्रस्थान ने रिपब्लिकन सांसदों की चिंताओं को और बढ़ाया है।
श्री हेगसेथ आने वाले दिनों में सांसदों से मुलाकात करेंगे और कांग्रेस के समक्ष गवाही भी देंगे, जहां उनसे नेतृत्व परिवर्तन, आंतरिक विवादों और अमेरिकी रक्षा नीति की दिशा को लेकर कड़े सवाल पूछे जाने की संभावना है।
पहले श्री हेगसेथ के नामांकन का समर्थन करने वाले सीनेटर थॉम टिलिस ने सार्वजनिक रूप से सवाल उठाया कि क्या उनके पास पेंटागन जैसे विशाल और जटिल संस्थान का नेतृत्व करने के लिए पर्याप्त अनुभव है। उन्होंने हालिया नियुक्ति और पदच्युतियों को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
सीनेटर जॉनी अर्न्स्ट ने रैंडी जॉर्ज को हटाने को "गलती" बताया और उनके नेतृत्व की सराहना की। सीनेटर माइक राउंड्स ने जॉन फेलन की बर्खास्तगी पर आश्चर्य जताया।
रिपोर्टों में श्री हेगसेथ और सेना सचिव डैन ड्रिस्कल के बीच तनाव का भी उल्लेख किया गया है, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित