नयी दिल्ली , मार्च 03 -- पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने वन्यजीवों के संरक्षण को पारिस्थितिकी संतुलन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा है कि पृथ्वी का संरक्षण सबकी जिम्मेदारी है और इसके लिए सबको मिलकर निरंतर काम करने की जरूरत है।

श्री यादव ने विश्व वन्यजीव दिवस पर मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में इस दिवस को पृथ्वी की अद्भुत जैव विविधता का उत्सव बताया और कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण न केवल पारिस्थितिकी संतुलन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह एक साझा जिम्मेदारी भी है जिसके लिए सभी के लगातार प्रयास करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि भारत अपनी समृद्ध पारिस्थितिकी को खतरे में डालने वाले सभी खतरों के प्रति सचेत है इसलिए वह न केवल अपने पास मौजूद संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं, बल्कि पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली के लिये महत्वपूर्ण प्रजातियों के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विश्व वन्यजीव दिवस हर साल तीन मार्च को वन्य जीवों और पौधों के पर्व के रुप में मनाया जाता है। इस मौके पर हर साल लोगों और ग्रह के लिए वन्यजीवों की अनूठी भूमिकाओं और योगदानों की पहचान की जाती है। यह दिवस वन्य जीवों और पौधों के महत्व को उजागर करता है और पारिस्थितिक संतुलन तथा मानव कल्याण के लिए जैव विविधता के संरक्षण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी पर बल देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित