चंडीगढ़ , फरवरी 28 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि केंद्र सरकार को पूर्व सैनिकों के स्वास्थ्य और सम्मान के मुद्दे पर संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
कुमारी सैलजा ने शनिवार को पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के लिए पर्याप्त बजट आवंटन सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस योजना से लाखों पूर्व सैनिक और उनके परिवार जुड़े हैं लेकिन यदि अस्पतालों के बिलों का समय पर भुगतान नहीं होता और बजट आवश्यकता से कम रहता है तो उपचार सेवाएं प्रभावित होती हैं। इससे पूर्व सैनिकों को इलाज में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सांसद सैलजा ने दिव्यांगता पेंशन पर आयकर लगाने के प्रस्ताव पर भी पुनर्विचार की जरूरत बताई। उनके अनुसार दिव्यांगता पेंशन आय नहीं, बल्कि सेवा के दौरान लगी चोट या अक्षमता का प्रतिकर है। देश की सेवा करते हुए घायल सैनिकों पर अतिरिक्त कर भार डालना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के कल्याण की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसके अलावा उन्होंने हरियाणा में सामने आए कथित धान खरीद घोटाले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित