हरिद्वार , फरवरी 11 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के निजी होटल से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला गुरुवार को सामने आया, जिसमें होटल के मैनेजर पर करीब तीन लाख रुपये नकदी और सोने की अंगूठी लेकर फरार होने का आरोप लगाया गया है। आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व विधायक के दामाद सोमिल चौधरी ने सिडकुल थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सिडकुल क्षेत्र स्थित निजी होटल में देवेश शर्मा को मैनेजर नियुक्त किया गया था। शुरुआत में उसने ईमानदारी और कुशल कार्यशैली से मालिक का भरोसा जीत लिया, जिसके कारण उसे होटल के बैंक खाते, चेकबुक और डेबिट कार्ड से जुड़ी जिम्मेदारियां भी सौंप दी गईं।
शिकायत के अनुसार, कुछ समय बाद देवेश ने होटल कर्मचारियों का वेतन देना बंद कर दिया और पिछले तीन महीनों से स्टाफ को भुगतान नहीं किया गया। इसी दौरान वह करीब तीन लाख रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी लेकर बिना सूचना होटल छोड़कर फरार हो गया।
तहरीर में यह भी बताया गया कि आरोपी हाल के दिनों में हरिपुर कलां क्षेत्र में रह रहा था। जब उससे फोन पर संपर्क किया गया तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित