जयपुर , अक्टूबर 06 -- राजस्थान के पूर्व मंत्री एवं कोटा जिले में सांगोद से पूर्व विधायक भरत सिंह कुंदनपुर का सोमवार देर रात यहां निधन हो गया।
वह करीब 75 वर्ष के थे। वह पिछले कई दिनों से सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती थे जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि श्री कुंदनपुर ने जनसेवा को अपना जीवन समर्पित किया। वह सिद्धांतनिष्ठ, सरल और जनहित के प्रति समर्पित नेता थे। उनका निधन सांगोद और राजस्थान की राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। श्री बिरला ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसी तरह विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी श्री कुंदनपुर के निधन पर दुःख व्यक्त किया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरा दुख प्रकट किया और श्री गहलोत ने एक्स पर अस्पताल में उनकी कुशलक्षेम पूछने की फोटो प्रेषित करने हुए कहा "उनके निधन का समाचार मिला। मैं कल ही एसएमएस अस्पताल जाकर उनसे कुशलक्षेम पूछकर आया था। डॉक्टरों ने उनकी तबीयत में सुधार बताया था परन्तु आज ऐसा समाचार मेरे लिए व्यथित करने वाला है।"उन्होंने कहा कि श्री कुंदनपुर राजनीति एवं जनसेवा में बेबाकी एवं ईमानदारी की मिसाल थे। वह हाड़ौती क्षेत्र के कद्दावर नेता थे। मेरे उनके परिवार से संबंध उनके पिताजी के समय से थे जब मैं उनके साथ लोकसभा सांसद बना था। श्री भरत सिंह कुंदनपुर मेरे साथ मंत्री भी रहे।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित