नयी दिल्ली , मार्च 19 -- फ्रांस ने भारत और फ्रांस के संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए पूर्व भारतीय राजदूत जावेद अशरफ को अपने प्रतिष्ठित सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक 'कमांडर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया है।
श्री अशरफ ने जुलाई 2020 से दिसंबर 2024 तक फ्रांस और मोनाको में भारत के राजदूत के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने में अहम भूमिका निभाई थी।
यहां स्थित फ्रांसीसी दूतावास में आयोजित एक विशेष समारोह में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथु ने उन्हें इस सम्मान से नवाजा।
राजदूत माथु ने द्विपक्षीय संबंधों में अशरफ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में रक्षा सहयोग में प्रगति और 2023 में रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ जैसे ऐतिहासिक पड़ाव देखे गए। उन्होंने 14 जुलाई 2023 को फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मुख्य अतिथि' के रूप में शामिल होने और 'होराइजन 2047 रोडमैप' के शुभारंभ का भी विशेष उल्लेख किया।
सम्मान स्वीकार करते हुए श्री अशरफ ने कहा, "फ्रांसीसी गणराज्य द्वारा 'लीजन ऑफ ऑनर' के कमांडर पद से सम्मानित होना मेरे लिए गौरव की बात है। आधुनिक भारत की उन सात महान विभूतियों के पदचिन्हों पर चलना विशेष है, जिन्हें पहले यह सम्मान मिल चुका है।"उन्होंने इस मान्यता को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के नेतृत्व में भारत-फ्रांस की अटूट और विश्वसनीय साझेदारी का प्रमाण बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित