देहरादून 01मार्च (वार्ता)उत्तराखंड में देहरादून के राजपुर क्षेत्र में रोड रेज में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर जोशी की हुई हत्या के बाद प्रदेश कांग्रेस राज्य की कानून व्यवस्था को सवालों के घेरे मे बता रही है।
वहीं इस घटना के बाद मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों पर दून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार की शुरुआत की है।
अब पूर्व कैबिनेट मंत्री व उत्तराखंड कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत ने इस बिगड़ती कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार के सारे प्रहार लगातार फेल होते जा रहे हैं।
देहरादून के राजपुर रोड स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केवल जिले का कप्तान बदलने से कानून व्यवस्था ठीक नहीं हो जाएगी। मुख्यमंत्री अपनी रैलियों में व्यस्त हैं उन्हें प्रदेशवासियों से कोई मतलब नहीं रह गया है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि पहले अपराधी आपस में लड़ते थे, लेकिन अब उनके हौंसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वो सरे आम आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं जिसमें निर्दोष लोगों को भी अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित