जौनपुर , जनवरी 31 -- वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर सुंदरलाल का शुक्रवार रात्रि आगरा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह लगभग 80 वर्ष के थे।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. सुंदरलाल ने अपने कार्यकाल में विश्वविद्यालय को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल कीं। 'बापू बाजार' जैसी अभिनव योजना के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को समाज से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया। उनका निधन विश्वविद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
उल्लेखनीय है कि प्रो. सुंदरलाल पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 15वें कुलपति थे। उनका कार्यकाल 21 दिसंबर 2010 से 20 दिसंबर 2013 तक रहा। वह डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के गणित विभाग में प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वह नियमित रूप से गणित विषय का अध्यापन कार्य करते रहे। उन्होंने जीवनकाल में ही अपने शरीर को आगरा मेडिकल कॉलेज को दान करने का संकल्प लिया था, ताकि निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर मेडिकल शिक्षा के लिए उपयोग में लाया जा सके।
इस अवसर पर आयोजित शोकसभा में कुलसचिव केश लाल ने शोक संदेश का पाठ किया। सभा में प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मानस पांडेय, प्रो. मनोज मिश्रा, प्रो. मुराद अली, प्रो. गिरधर मिश्रा, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. संतोष कुमार, डॉ. ऋषिकेश, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. श्याम कन्हैया सिंह, डॉ. मंगला यादव, उपकुलसचिव अजीत कुमार, बबीता सिंह, कर्मचारी संघ अध्यक्ष वारिन्द्र यादव, पूर्व महामंत्री रमेश यादव, डॉ. इंद्रेश गंगवार, सुशील प्रजापति सहित अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित