मोतिहारी , मार्च 17 -- बिहार के पूर्वी चंपारण में अपराधियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए विशेष कार्य बल (एसटीएफ) जवान आरक्षी राम कुमार यादव को मंगलवार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

मोतिहारी आरक्षी केंद्र में आज पुलिस अधिकारियों, जवानों और प्रशासनिक पदाधिकारियों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम सलामी दी।

श्रद्धांजलि सभा के बाद तिरंगे में लिपटे शहीद के पार्थिव शरीर को पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव, सिवान जिले के पुरैना के लिए रवाना किया गया। इस दौरान "शहीद श्री राम कुमार यादव अमर रहें" के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा और हर आंख नम दिखी।

गौरतलब है कि पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र के बांसघाट गांव में मंगलवार की अहले सुबह पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो अपराधी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे मार गिराए गए। इसी दौरान अपराधियों की ओर से चलाई गई एक गोली आरक्षी राम कुमार यादव के सीने को चीरती हुई निकल गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल मोतिहारी के चिकित्सा केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक हरिकिशोर राय ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में पूरा पुलिस महकमा शहीद के परिवार के साथ खड़ा है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने भी कहा कि आरक्षी श्री यादव की शहादत प्रशासन को अपराध के खिलाफ लड़ाई और मजबूत करने की प्रेरणा देती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित