मोतिहारी , अप्रैल 06 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा थाना क्षेत्र में सोमवार को आपसी विवाद में एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई को गोली मारकर घायल कर दिया और गले में फंदा लगाकार आत्महत्या करली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोटवा निवासी कासिम मियां को उसके बड़े भाई फिरोज आलम ने गोली मार दी। गोली लगने से कासिम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कासिम कोटवा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में नाइट गार्ड के रूप में कार्यरत है।
सूत्रों ने बतया कि घटना के बाद फिरोज आलम ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह एक मॉल में सेल्समैन के रूप में काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्तौल, दो खाली खोखा और तीन कारतूस बरामद किए हैं।
सूत्रों ने बताया कि घटना का निरीक्षण करने पहुंचे सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-2 जितेश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद या प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित