मोतिहारी, अप्रैल 04 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल चौक पर शनिवार को स्कूल बस की चपेट में आने से एक छात्र की मौत के बाद आक्रोशित छात्रों और परिजनों ने सड़क जाम कर जोरदार हंगामा किया।

यह घटना उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के शहर आगमन से ठीक पहले हुई, जिससे प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गईं।

सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र निवासी विजय सिंह कटहरा के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। वह बीसीए का छात्र था और परीक्षा देने मोतिहारी आया था। इसी दौरान एक अनियंत्रित स्कूल बस ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि छात्र की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और छात्रों ने हॉस्पिटल चौक मार्ग को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले जाम के दौरान यातायात पूरी तरह ठप रहा। घटना की सूचना मिलने पर मौकेे पर पहंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर जाम हटाया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई।मृतक की मां के साथ बदसलूकी का वीडियो भी सामने आया है, जिससे लोगों में और आक्रोश फैल गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण अभिषेक की जान गई। उनका कहना है कि अस्पताल में एंबुलेंस और जरूरी सुविधाएं होने के बावजूद उन्हें समय पर उपलब्ध नहीं कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित