मोतिहारी , अप्रैल 27 -- पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को गंडक नदी में नाव पलटने के बाद एक महिला समेत दो लोग लापता हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नाव पर कुल पांच लोग सवार थे और सभी नदी पार कर पशु चारा लाने जा रहे थे। इसी दौरान बीच धारा में नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे सभी लोग नदी में गिर गए। तेज बहाव के बावजूद तीन लोगों ने तैरकर किसी तरह अपनी जान बचा ली, जबकि दो लोग बहाव में बह गए और लापता हो गए।
लापता लोगों की पहचान सरेया गांव निवासी 26 वर्षीय हीरालाल महतो (पिता- रमेश महतो) और 16 वर्षीय निभा कुमारी (पिता- रमेश महतो) के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और प्रशासन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की, लेकिन गंडक नदी के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद प्रशासन ने बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को बुलाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित