मोतिहारी , अपैल 09 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक कैदी की हुयी मौत के बाद परिजनों ने सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
पुलिस सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के घिउवाढार निवासी अच्छेलाल पासवान को पांच अप्रैल को हरसिद्धि थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसपर प्रतिबंधित शराब के अवैध कारोबार में लिप्त रहने का आरोप था। छह अप्रैल को पुलिस ने हरसिद्धि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उसकी चिकित्सीय जांच करायी। बिना फिटनेस के पुलिस ने छह अप्रैल को उत्पाद न्यायालय में अच्छेलाल को पेश किया और इसकी वाजिब सूचना भी न्यायालय को नहीं दी। न्यायालय ने अच्छेलाल को मोतिहारी सेंट्रल जेल भेज दिया।
जेल उपाधीक्षक संजय कुमार ने संवाद एजेंसी "यूनीवार्ता" को बताया कि "अच्छेलाल के हाथ में कंपन थी, इसलिए उसी वक्त उसे बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।" छह अप्रैल को रात में सदर अस्पताल में अच्छेलाल को डॉ. उमेश कुमार ने कैदियों के नशा मुक्ति वार्ड में दाखिल किया। गुरुवार की सुबह अच्छेलाल की मौत हो गयी। इस मामले में परिजनों ने सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि अच्छे लाल की हत्या की गयी है। मामले की छानबीन की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित