मोतिहारी , अप्रैल 09 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र से पुलिस ने गुरुवार को फंदे से लटका एक विवाहिता का शव बरामद किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर घिवाढ़ार गांव मेंफंदे से लटका एक विवाहिता का शव बरामद किया गया है। मृतका की पहचान सर्वेश सिंह की पत्नी रूपा कुमारी (23)के रूप में हुई है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतका के मायके पक्ष ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया है। परिजनों का आरोप है कि रूपा कुमारी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई ने बताया कि रूपा की शादी वर्ष 2023 में सर्वेश सिंह के साथ हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल वालों ने दहेज में मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर रूपा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते रूपा की हत्या कर दी गई और उसके शव को फंदे से लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
सूत्रों ने बताया कि रूपा कुमारी मूल रूप से पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। घटना के बाद से फरार ससुराल पक्ष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित