मोतिहारी , अप्रैल 07 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू बताई गई है। जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई सूचना के अनुसार, 07 अप्रैल 2026 तक के अद्यतन आंकड़ों में इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के माध्यम से पर्याप्त गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
जिले में कुल 115 गैस एजेंसियां सक्रिय रूप से कार्यरत हैं और उपभोक्ताओं तक होम डिलीवरी के माध्यम से गैस पहुंचा रही हैं। 01 अप्रैल से 07 अप्रैल 2026 के बीच कुल 1,27,888 गैस बुकिंग दर्ज की गई, जबकि 79,948 उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डिलीवरी की जा चुकी है। जिला प्रशासन के अनुसार, केवल 06 अप्रैल को एक दिन में 14,301 गैस सिलेंडर का वितरण किया गया, जबकि तेल कंपनियों से 15,843 सिलेंडर प्राप्त हुए। वर्तमान में जिले में 33,001 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है, जबकि लंबित मांग 92,519 सिलेंडर बताई गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बुकिंग के अनुरूप तेजी से गैस आपूर्ति की जा रही है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। होम डिलीवरी नहीं करने वाली एजेंसियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस की बुकिंग न करें और केवल घरेलू उपयोग के लिए ही गैस का इस्तेमाल करें। साथ ही कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को देने को कहा गया है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित