मोतिहारी , अप्रैल 07 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र में पुलिस ने 'ऑपरेशन नया सवेरा' के तहत दो आर्केस्ट्रा ग्रुपों पर छापेमारी कर 12 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पकड़ीदयाल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार चंदन के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत पताही स्थित 'न्यू हलचल आर्केस्ट्रा म्युजिकल ग्रुप' और 'राजू म्युजिकल ग्रुप एवं रिकॉर्डिंग आर्केस्ट्रा' में दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान पहले आर्केस्ट्रा से सात और दूसरे से पांच नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया।

पुलिस उपाधीक्षक कुमार चंदन ने बताया कि मुक्त कराई गई सभी लड़कियां कोलकाता की रहने वाली हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इन्हें नौकरी और बेहतर जीवन का झांसा देकर यहां लाया गया था और बाद में जबरन अनैतिक गतिविधियों में धकेला जा रहा था।

सूत्रों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आर्केस्ट्रा संचालकों और उनके सहयोगियों समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गमरिया निवासी विवेक कुमार और नवीन साह, चिरैया के सेमरा निवासी राजू तिवारी, कोलकाता निवासी मनु खान तथा पकड़ीदयाल के सिसहनी निवासी राजू कुमार शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की मानव तस्करी के एंगल से गहन जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित