मोतिहारी , दिसम्बर 21 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित करते हुए सौ अपराधियों की सूची जारी की है, जिसमे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक विधानसभा प्रत्याशी का नाम भी शामिल हैपूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने विभिन्न कानून विरोधी गतिविधियों में लिप्त 100 अपराधियों की सूची सार्वजनिक की है, जिनकी गिरफ्तारी पर 5 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक के इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस अधीक्षक ने इन लोगों को न्यायालय में समर्पण के लिए 10 दिनों का समय दिया है। इस अवधि की समाप्ति के बाद कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करने की चेतावनी भी पुलिस ने जारी की है।

इस सूची में हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी देवा गुप्ता का नाम भी शामिल है। श्री गुप्ता की गिरफ्तारी पर सर्वाधिक एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गयी है।

श्री गुप्ता मोतिहारी नगर निगम की वर्तमान मेयर प्रीति गुप्ता के पति हैं, जिनके उपर 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल 28 में से हत्या से संबंधित दो मामलों में पुलिस को श्री गुप्ता की तलाश है। गौरतलब है कि श्री गुप्ता मोतिहारी क्षेत्र से पिछले विधान सभा चुनाव में भाजपा के प्रमोद कुमार के हाथों पराजित हो गये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित