कोलकाता , दिसंबर 16 -- भारतीय सेनाओं की बंगलादेश मुक्ति संग्राम के दौरान 1971 में पूर्वी क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना पर विजय का प्रतीक 'विजय दिवस' मंगलवार को शहर में पूर्वी कमान के मुख्यालय में भारत-बंगला मित्रता पर विशेष जोर देते हुए मनाया गया।
इस 54वें विजय दिवस को मनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गये, जिसमें मंगल पांडे ट्रेनिंग एरिया में मिलिट्री टैटू का आयोजन किया गया, जिसमें मिजोरम के राज्यपाल जनरल (डॉ.) वी.के. सिंह (सेवानिवृत्त), पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल राम चंदर तिवारी, पश्चिम बंगाल के युवा एवं खेल मंत्री अरूप बिस्वास तथा वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और नागरिकों की उपस्थिति रही।
यह उत्सव सोमवार से शुरू होकर जनता के लिए खुला था, जहां दर्शकों ने सेना के लड़ाकू हेलीकॉप्टरों के फ्लाई पास्ट से शुरू होने वाले सैन्य प्रदर्शनों की एक शानदार शृंखला देखी, इसके बाद सेना के घुड़सवारों का आकर्षक टेंट पेगिंग प्रदर्शन रहा जिसमें सेना के घुड़सवारों और उनके घोड़ों के बीच असाधारण समन्वय को प्रदर्शित किया गया।
दर्शकों ने भारतीय सेना के उड़न दस्ते के युद्ध कौशल के रोमांचक प्रदर्शन भी देखे, जो परिचालन सटीकता और युद्धक्षेत्र की चपलता को उजागर कर रहे थे, माइक्रोलाइट विमानों का मंत्रमुग्ध कर देने वाला प्रदर्शन तथा स्वार्म ड्रोन्स और रोबोट म्यूल्स द्वारा प्रौद्योगिकी में प्रगति का प्रदर्शन शानदार रहा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक और पारंपरिक आयाम जोड़ते हुए कलारीपयट्टू, भांगड़ा, गटका, जलारी फटक के प्रदर्शनों की दर्शकों ने सराहना की। सेना बैंड द्वारा उत्साहवर्धक मार्शल संगीत प्रदर्शनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा, आधुनिक हथियारों, उपकरणों और ड्रोन्स का व्यापक प्रदर्शन किया गया, जो अत्याधुनिक सैन्य प्रौद्योगिकियों की जानकारी प्रदान करता था।
जनरल वी.के. सिंह और लेफ्टिनेंट जनरल आर.सी. तिवारी ने दर्शकों को संबोधित करते हुए भारत-बंगलादेश मित्रता, पूर्वी पाकिस्तान में बंगालियों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए अत्याचारों, तथा भारतीय सशस्त्र सेनाओं और मुक्ति जोधाओं के साहस, धैर्य और वीरता पर प्रकाश डाला। इसमें भारतीय सेना ने 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों को आत्मसमर्पण के लिये मजबूर कर दिया था जिसके बाद एक स्वतंत्र बांग्लादेश का निर्माण हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित