लखनऊ , फरवरी 23 -- लखनऊ के गोसाईंगंज क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार शाम लुधियाना (पंजाब) से मोतिहारी (बिहार) जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 45 से अधिक यात्री घायल हो गए। हालांकि, प्रशासन ने फिलहाल पांच मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है।
हादसा गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा के पास 11.6 के आसपास हुआ। बस में उस समय करीब 80 से 85 यात्री सवार थे। पुलिस के अनुसार मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं। मृतकों में प्रभात कुमार, अंशु (5 वर्ष) और अंजलि (10 वर्ष) की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य की पहचान के प्रयास जारी हैं।
घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 28 यात्रियों, जिनमें सात बच्चे, 12 पुरुष और नौ महिलाएं शामिल हैं, को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
वहीं सामान्य रूप से चोटिल लोगों को इलाज के लिए सीएचसी गोसाईगंज भेजा गया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पाकर डीएम विशाख जी और सीपी अमरेंद्र सिंह सेंगर ने सीएचसी पहुंच कर घायलों का हालचाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे से करीब आधे घंटे पहले चालक ने सड़क किनारे एक ढाबे पर शराब पी थी। वहीं कुछ यात्रियों ने आशंका जताई कि चालक को झपकी आ गई होगी। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित