पटना , मई 07 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता और बिहार सरकार में नव नियुक्त मंत्री निशांत कुमार ने गुरुवार को कहा कि वह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
बिहार मंत्रिमंडल के सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद श्री निशांत कुमार जदयू कार्यालय पहुंचे, जहाँ बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में उत्साहपूर्ण नारे लगाए और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर श्री निशांत कुमार ने कहा कि वह श्री नीतीश कुमार के अधूरे संकल्पों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य को समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य के साथ वह जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने बिहार के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि श्री निशांत कुमार का मंत्री पद की शपथ लेना पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि श्री निशांत कुमार, श्री नीतीश कुमार के पदचिन्हों पर चलते हुए ''न्याय के साथ विकास'' की नीति को आगे बढ़ाएंगे और जनसेवा की नई मिसाल स्थापित करेंगे।
इस दौरान श्री निशांत कुमार ने एक-एक कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका अभिनंदन स्वीकार किया। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच विशेष उत्साह, उमंग और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित