पटना , दिसम्बर 20 -- बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शनिवार को कहा कि देश में सभी भारतीय भाषाओं की ऊन्नति होनी चाहिए, लेकिन पूरे देश में संवाद और एकता के लिए हिन्दी का प्रसार बहुत आवश्यक है।
श्री खान ने सिख पंथ के नवम गुरु और बलिदानी संत, गुरु तेग बहादुर के बलिदान के 350वें वर्ष को समर्पित, बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के दो दिवसीय 44 वें महाधिवेशन का उद्घाटन करते हुए कहा कि एक स्वतंत्र राष्ट्र के लिए आवश्यक है कि देश में एक ऐसी भाषा विकसित हो , जिसमें पूरा देश संवाद कर सके और हिन्दी वह भाषा है जो यह कार्य कर सकती है।
राज्यपाल ने कहा कि गुरु तेग बहादुर महान बलिदानी संत थे। उनका बलिदान आत्म-रक्षा के अधिकार के सरक्षण के लिए दुनिया के समक्ष रखा गया एक आदर्श है।उन्होंने कहा कि भारतवर्ष गुरु तेग बहादुर के प्रति उनके महान बलिदान के लिए सदा कृतज्ञ रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान अपने अध्यक्षीय संबोधन में सम्मेलन अध्यक्ष डॉ.अनिल सुलभ ने कहा कि हिन्दी देश की आत्मा है। भारत की सुंदरतम अभिव्यक्ति इसी भाषा में हो सकती है। यह सभी भारतीय भाषाओं से प्रेम करती है। सबका सम्मान करती है। यह देश ही नहीं, देश की समस्त भाषाओं को भी एक दूसरे से जोड़ेने की क्षमता रखती है। देश के लोग चाहते हैं कि यह राष्ट्रभाषा बने। शासन को चाहिए कि जनाकांक्षा पूरी करे।
डॉ. सुलभ ने राज्यपाल को सम्मेलन की उच्च मानद उपाधि 'विद्या वारिधि' से विभूषित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने वरिष्ठ लेखिका किरण सिंह की पुस्तक 'ऋषि', कवि-पत्रकार ए आर आज़ाद की दो काव्य-पुस्तकें 'नदी' और रुएजमीं' तथा सियाराम जायसवाल के प्रकाशन संस्थान ह्वाइट बेकन पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित डॉ. जंग बहादुर पाण्डेय की पुस्तक 'वारिधि' और सम्मेलन की पत्रिका 'सम्मेलन साहित्य' के महाधिवेशन विशेषांक का लोकार्पण भी किया। उन्होंने मौरिशस की सुविख्यात विदुषी डॉ.सरिता बुधु और केंद्रीय हिन्दी संस्थान, आगरा के निदेशक डा सुनील बाबूराव कुलकर्णी समेत देश के 21 सुख्यात हिन्दी-सेवियों को विविध अलंकरणों से सम्मानित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि और सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने कहा कि हिन्दी पूरे देश में ही नहीं विश्व के अनेक देशों में बहुत तेज़ी से बढ़ रही है। हम सभी को मिलकर इसे और अधिक शक्ति देनी चाहिए, जिससे कि यह देश भर के लोगों के मन की भाषा बन जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित