हनुमानगढ़/श्रीगंगानगर , फरवरी 26 -- राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा के हरियाणा प्रभारी डॉ सतीश पूनियां ने हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं से संवाद कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अजमेर जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया हैं।

डॉ. पूनियां ने इन दोनों जिलों के प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों से लेकर भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि श्री मोदी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अथक मेहनत कर रहे हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि हमें बिना थके और बिना रुके काम करने वाला प्रधान सेवक मिला है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी शनिवार को अपनी अजमेर यात्रा के दौरान विकसित राजस्थान बनाने के लिये विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सौगात दे रहे हैं और इस ऐतिहासिक अवसर पर हम सब वहां उपस्थित रहकर राष्ट्र एवं प्रदेश की उन्नति के साक्षी बनें।

उन्होंने श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिये प्रतिबद्ध श्री जगदंबा अंध विद्यालय पहुंचकर संस्था संस्थापक परम श्रद्धेय स्वामी ब्रह्मदेव महाराज को पद्मश्री सम्मान मिलने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने ब्रह्मदेव महाराज एवं स्वामी निजानंद महाराज को अपनी पुस्तक 'अग्निपथ नहीं जनपथ' भेंट की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित