कोण्डागांव, मार्च 03 -- छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दिवंगत आरक्षक की पत्नी को एक करोड़ रुपए की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने स्व. घनश्याम भुआर्य की पत्नी हुलसी भुआर्य को यह चेक सौंपा।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार,जिला कोण्डागांव के थाना अनंतपुर में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 472 घनश्याम भुआर्य की 14 जून 2025 को वाहन दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई थी। वे अवकाश से वापस लौटते समय थाना बेनूर (जिला नारायणपुर) क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गए थे। उनकी मृत्यु के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के पुलिस कर्मियों के सुरक्षित भविष्य के लिए यह निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना शुरू की है। इसके तहत भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू किया गया है। योजना के तहत दिवंगत पुलिस कर्मी के परिवार को यह बीमा सहायता प्रदान की जाती है।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने अपने हाथों से हुलसी भुआर्य को एक करोड़ रुपए का चेक सौंपा। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सतीश भार्गव, भारतीय स्टेट बैंक कोण्डागांव के शाखा प्रबंधक सपन कुमार चक्रवर्ती सहित मनीषा बोरकर मेश्राम, प्रियंका निषाद और कार्यालयीन स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दिवंगत आरक्षक के परिवारीजन भी मौजूद रहे।
बैंक अधिकारियों को योजना के तहत सहयोग प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया गया। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में यह राशि प्रदान कराने में मुख्य लिपिक प्रकाश मिंज, उपनिरीक्षक (अ) नेतराम दीवान और प्रधान आरक्षक (क्रमांक 242) हरिशचन्द्र चुरेन्द्र का योगदान सराहनीय रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित