फिरोजाबाद , दिसंबर 05 -- फिरोजाबाद जिले की रामगढ़ पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित शातिर अपराधी को शुक्रवार सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है।

घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, उसके पास से चोरी का सामान बरामद किया गया जबकि उसका एक दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा है। पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि रामगढ़ क्षेत्र में हुई चोरी के एक मामले में पुलिस को बदमाशों की तलाश थी पुलिस द्वारा तीन बदमाश चिन्हित किए गए थे जिसमें से एक बदमाश विक्की को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

रामगढ़ थाना प्रभारी संजीव दुबे को शुक्रवार तड़के जंगल क्षेत्र में बदमाशों के होने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ बदमाशों की घेराबंदी की जो बदमाश वहां अपना चोरी के माल का बंटवारा कर रहे थे। पुलिस को देखकर बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से एक बदमाश इंदल निवासी अछनेरा आगरा घायल हो गया जबकि उसका दूसरा साथी अजय पाल भागने में कामयाब रहा।

पकड़े गए बदमाश इंदल के पास से एक अवैध तमंचा जिंदा कारतूस और खाली खोखा के अलावा चोरी की गई पीली धातु का सामान और कुछ नगदी आधार कार्ड और मोबाइल भी बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा उपचार के बाद वैधानिक कार्रवाई के साथ ही गिरफ्तार बदमाश को जेल भेजा जा रहा है । गिरफ्तार इंदल काफी शातिर अपराधी है जो विभिन्न जनपदों में चोर गिरोह के संबंध मे रहता हैं उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित