हरदोई , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और एक कथित पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार बीती तीन फरवरी को ग्राम पदमलापुर निवासी मुकेश तथा उसी गांव के सूरज ने अपनी-अपनी भैंस चोरी होने की रिपोर्ट थाना सवायजपुर में दर्ज कराई थी। एक ही दिन में दो घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

इसी क्रम में शुक्रवार मध्यरात्रि के बाद लगभग डेढ़ बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर कौशिया गांव के पास घेराबंदी की। इस दौरान शाहजहांपुर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रुकने का संकेत दिया गया। आरोप है कि बाइक सवार ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग की।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बाइक सवार के बाएं पैर में गोली लग गई। उसकी पहचान अनीस निवासी ग्राम खैरपुर, थाना कटरा, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर विभिन्न जनपदों में गोवध अधिनियम सहित दस से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान थाना सवायजपुर में तैनात आरक्षी संजय मौर्य भी घायल हो गए।

पुलिस ने आरोपी के पास से 4,200 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित