रांची , दिसंबर 16 -- झारखंड पुलिस मुख्यालय ने अनुकंपा के आधार पर आरक्षी और बाल आरक्षी के पद पर नियुक्ति से जुड़े सभी लंबित मामलों पर सख्त रुख अपनाया है।
पुलिस मुख्यालय ने इन मामलों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इस संबंध में डीजीपी कार्यालय ने राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों (एसपी), वाहिनी और विभिन्न इकाइयों के प्रमुखों को पत्र जारी किया है।
जारी निर्देश के अनुसार, 18 दिसंबर को पुलिस महानिदेशक स्वयं अनुकंपा के आधार पर आरक्षी और बाल आरक्षी के पद पर नियुक्ति से संबंधित सभी लंबित मामलों की समीक्षा करेंगी। पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहीद या मृत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को समय पर न्याय और सहायता मिल सके तथा अनावश्यक रूप से मामलों को लंबित न रखा जाए।
डीजीपी कार्यालय द्वारा मांगी गई रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कुछ बिंदुओं पर जानकारी देने का निर्देश दिया गया है। इसमें मृत पुलिसकर्मियों का नाम शामिल होगा, जिनके आश्रितों ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया है। साथ ही यह भी बताना होगा कि मृतक पुलिसकर्मी किस जिले या किस वाहिनी में कार्यरत थे।
इसके अलावा रिपोर्ट में मृत्यु की तिथि, आवेदक आश्रित का नाम और मृतक से उसका संबंध, आश्रित द्वारा आवेदन दिए जाने की तिथि का उल्लेख अनिवार्य किया गया है। सबसे अहम बिंदु यह है कि यदि मामला अब तक लंबित है, तो उसे लंबित रखने का स्पष्ट और संक्षिप्त कारण भी बताना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित