देहरादून , अप्रैल 18 -- नशा मुक्त देवभूमि अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड पुलिस की ओर से लगातार सभी जिलों में स्कूली छात्र, छात्राओं को जागरूक करने के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित की जाती हैं। इसी कड़ी में शनिवार को पौड़ी गढ़वाल स्थित सेंट थॉमस स्कूल में स्थानीय पुलिस ने मंच से अपील की कि बेहतर भविष्य के लिए, युवा नशे से दूर रहें। विद्यार्थियों ने इस मौके पर नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने का संकल्प भी लिया।
पौड़ी गढ़वाल के पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को सेंट थॉमस स्कूल में आयोजित "एण्टी ड्रग्स डे" कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति विषय पर एक जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) अनूप काला मुख्य वक्ता के रूप में बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है, जो धीरे-धीरे व्यक्ति की सोच, स्वास्थ्य और उसके उज्ज्वल भविष्य को समाप्त कर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए जीवन के लक्ष्यों को स्पष्ट रखने और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को बताया गया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर बनाती है, बल्कि यह सामाजिक और कानूनी दृष्टि से भी गंभीर परिणाम उत्पन्न करती है। पुलिस टीम ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा गया कि अच्छी संगति, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही आपको एक बेहतर नागरिक बनाती है। अपने समय का सदुपयोग करें और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने एवं अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के साथ साथ नशा न करने का संकल्प लिया।
इस दौरान महिला उप निरीक्षक हेमलता, उप निरीक्षक प्रवीण सिंह ने भी सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित