देवप्रयाग , फरवरी 18 -- उत्तराखंड के देवप्रयाग में मोटरसाइकिल चोरी की घटना का पुलिस ने बुधवार को त्वरित खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है और आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पाली, बछेलीखाल निवासी सुरमान सिंह की दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को 15 फरवरी की रात अज्ञात युवकों ने चोरी कर लिया था। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में रात करीब 12:58 बजे तीन युवक बाइक ले जाते हुए दिखाई दिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई और क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बछेलीखाल के पास हल्दुपूठ तोक, राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान,अर्जुन शर्मा (19 ), निवासी बागपत, उज्ज्वल पंवार (19), निवासी बागपत और प्रशांत पंवार (19), निवासी बागपत के रूप मे हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित