देहरादून , फरवरी 16 -- उत्तराखंड के देहरादून जिले में आपराधिक पृष्ठभूमि छिपा कर रहने वाले संदिग्ध व बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ देहरादून पुलिस ने सघन सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है।

इसको लेकर देहरादून के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को अपने थाना क्षेत्रों पर पुलिस टीमें गठित करते हुए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है ,ताकि अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।

देहरादून में सोमवार को पुलिस ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें में गठित करते हुए संदिग्धों की तलाश में बड़े पैमाने पर सत्यापन अभियान चलाया।

देहरादून पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में निवास करने वाले 2186 बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई की गई।

सत्यापन अभियान के दौरान अनियमिताओं और किरायेदारों का सत्यापन न कराये जाने की सूरत में 191 लोगों के पुलिस अधिनियम में चालान करके 19 लाख 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।

इसके अलावा देहरादून जनपद में संदिग्ध पाए गए 28 व्यक्तियों को थाने मे लाकर पूछताछ की गई और उनका भौतिक सत्यापन किया गया।

जबकि 55 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 13 हजार 250 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित