ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 29 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र जेवर थाना पुलिस ने मंगलवार को हुयी एक हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल को सुरेन्द्र पुत्र गौरी प्रसाद निवासी ग्राम रोही आर आर कालोनी ने जेवर थाना में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी अंजली 20 अप्रैल को दूध लेने के लिए दुकान पर गई थी, लेकिन वह वापस नहीं आई। सुरेन्द्र ने अपनी बेटी की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद जेवर थाना पर उसकी बेटी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज की गई, जिसमें न्याय संहिता बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि अंजली और उसके सौतेले पिता सुरेन्द्र के बीच अक्सर विवाद होते थे। 20 अप्रैल को सुरेन्द्र ने अंजली के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को ग्राम कानीगढी और जेवर खादर के बीच यमुना पुस्ता रोड पर स्थित शीशम की झाड़ियों में छिपा दिया।

पुलिस ने कल आरोपी का गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर अंजली का शव यमुना पुस्ता रोड स्थित शीशम की झाड़ियों से बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित