ऋषिकेश , दिसंबर 20 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के रानीपोखरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने महिला से सोने का मंगलसूत्र झपटने की घटना में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शनिवार को आरोपियों के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गत 16 दिसंबर को मनोज सिंह निवासी थानो जंगलात चौकी, थाना रानीपोखरी द्वारा थाने में लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया कि उसी दिन दोपहर 12 बजे उनकी माता सरोजनी देवी जंगल से घास काटकर थानो-रायपुर मार्ग से घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और जंगल की ओर फरार हो गया।
घटना के आधार पर थाना रानीपोखरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने क्षेत्र में गश्त बढ़ाई, संदिग्धों की तलाश की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जिसके बाद पुलिस ने आज जाखन नदी पुल के पास घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम शिव नाथ, अविनाश और मिर्जा, निवासी सपेरा बस्ती भानियावाला, थाना डोईवाला बताए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित